ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। शहर की ठंडी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार आवासीय परिसर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। हादसे में दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार ठंडी सड़क स्थित टिक्कू मॉडल स्कूल के आवासीय परिसर की दीवार को शनिवार रात करीब डेढ़ बजे एक अज्ञात कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। रविवार को आवासीय परिसर के स्वामी ने भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंडी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक ब्रेकर नहीं लगाए गए हैं।

इधर कालाढूंगी रोड पर भी तेज रफ्तार बाइक सवारों का आतंक बना हुआ है। रात आठ बजे के बाद बिना नंबर प्लेट की कई बाइकें तेज आवाज वाले साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज करते हुए मुखानी थाने के आसपास और कालाढूंगी रोड क्षेत्र में दौड़ती नजर आती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काफी समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

नैनीताल रोड स्थित ठंडी सड़क पर करीब तीन सप्ताह पहले  एक निजी अस्पताल के चिकित्सक को भी एक बाइक सवार ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में हल्द्वानी कोतवाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मकान के कमरे से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.