सोमवार दोपहर हल्द्वानी-रामनगर मुख्य मार्ग पर गैबुआ के समीप एक बड़ा सड़क हादसा घटित हुआ। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक दूर तक घिसटती चली गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़ लगाई।

हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे रामनगर जीआरपी में तैनात सिपाही मोहम्मद मंसूर ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल युवक को अपनी निजी कार में बैठाया और उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल तक पहुंचाया।

उनकी त्वरित कार्रवाई से घायल के इलाज में देरी नहीं हुई और मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी इस मानवता की प्रशंसा की। अन्य दो घायलों को भी राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से अन्य वाहनों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और घायलों से बयान लेने शुरू कर दिए। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण हुआ हो सकता है।

हालांकि अंतिम रिपोर्ट बाइक के निरीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का भी मुआयना किया और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया।

स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में दिखाई तत्परता

टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पानी पिलाया और एंबुलेंस की सूचना दी। कुछ लोगों ने पुलिस को कॉल किया, वहीं कुछ ने वाहनों को रोककर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी के कोटाबाग जंगल सफारी जोन को खोलने की तैयारी तेज, एक-दो दिन में पर्यटकों को मिलेगी एंट्री

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.