पति ने पत्नी पर बेसबॉल से वार करने के बाद सास के सिर में पिस्तौल से गोली मारकर फिर खुद को गोली से उड़ाया

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी में पति ने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पत्नी पर बेसबॉल से वार करने के बाद सास के सिर में पिस्तौल से गोली मारकर फिर खुद को गोली से उड़ा लिया।
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। फॉरंेसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। मौके से एक पिस्तौल, खोखे, बेसबॉल बैट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में झगड़े के बाद हत्या के बाद आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की देर शाम की है। जब पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर आठ टिहरी विस्थापित कॉलोनी में एक घर के अंदर गोलियां चली हैं और गेट अंदर से बंद है।

सूचना मिलने पर रानीपुर कोतवाल कमल मोहन भंडारी, एसएसआई मनोहर रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंदर से बंद दरवाजे को तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो कमरे में तीन शव खून से लथपथ पड़े थे। पास में ही पिस्तौल, खोखे, बेसबॉल बैट पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, एसपी क्राइम पंकज गैरोला, एएसपी जितेंद्र मेहरा भी मौके पर पहुंचे।
एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त राजीव अरोड़ा (59) पुत्र स्व. संसार सिंह और सुनीता(55)पत्नी राजीव अरोड़ा निवासीगण सिद्धार्थ एन्क्लेव महारानी बाग आश्रम दिल्ली मूल पता आर्यनगर ज्वालापुर, शंकुतला (77) पत्नी स्व. जगदीश चंद्र निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी रानीपुर के रूप में हुई।

पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। प्रथम दृष्टयता पहले राजीव ने पत्नी सुनीता की बेसबॉल बैट से वार किया, फिर सास शकुंतला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके बाद खुद के भी सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। तीनों दिल्ली में रहते थे। रविवार को ही हरिद्वार आए थे। राजीव दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करते थे। हत्या, आत्महत्या की वजह की जांच चल रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, कार डिवाइडर से टकराकर पलटी; एक की मौत, दो गंभीर घायल
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.