ब्रेकिंग न्यूज़

“पीछा, छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश: शादी का दबाव बना युवती पर हमला”

हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में एक युवती के साथ जबरन शादी के दबाव और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र निवासी युवक ने युवती का पीछा करते हुए उसे जबरन गौला नदी की ओर ले जाकर शादी के लिए दबाव बनाया।

विरोध करने पर युवक ने युवती के सिर पर पत्थर से वार कर उसे घायल कर दिया। घायल अवस्था में युवती किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची।

युवती की दादी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

तहरीर में बताया गया है कि जवाहर नगर, वनभूलपुरा निवासी युवक लंबे समय से युवती का पीछा कर रहा था। जब भी युवती घर से किसी काम के लिए निकलती, आरोपी उसका पीछा करता और शादी करने का दबाव बनाता था। रास्ते में अश्लील हरकतें कर छेड़छाड़ भी की जाती थी, जिससे युवती मानसिक रूप से परेशान थी।

घटना बीते शनिवार की बताई जा रही है। युवती जब दुकान से सामान लेने के लिए घर से निकली, तो आरोपी पीछे-पीछे आ गया और उसे जबरन गौला नदी की ओर ले गया। वहां उसने शादी करने का दबाव बनाते हुए धमकाया। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया।

घायल युवती को परिजनों द्वारा बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। फिलहाल युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस मामले में थाना प्रभारी वनभूलपुरा डी.एस. फत्र्याल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल : विश्वकर्मा जयंती पर पुलिस लाइन नैनीताल में विधि-विधान से हुआ पूजन, SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा व सुचारु संचालन की कामना की

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.