हल्द्वानी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: फायर NOC नहीं मिलने पर 7 कोचिंग संस्थान सील

मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर चला विशेष अभियान, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर सख्त एक्शन

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने हल्द्वानी शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन मानकों का व्यापक ऑडिट किया गया।

निरीक्षण में कई कोचिंग संस्थानों के पास फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं पाया गया। सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को फायर सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौजूद रही।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाएगी, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि हल्द्वानी में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हैं, जहां हजारों छात्र अध्ययन करते हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह विशेष अभियान शुरू किया है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.