नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में गुलदारों की बढ़ती गतिविधियों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दुगशील इलाके में 21 मार्च की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो वयस्क गुलदार टहलते हुए नजर आए।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे दोनों गुलदार बेहद शांत और धीमी चाल में रिहायशी इलाके में घूमते दिखाई दिए। कुछ देर तक घरों के आसपास चहलकदमी करने के बाद वे पहाड़ी की ओर बढ़ते हुए जंगल की दिशा में चले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो तेजी से क्षेत्र में फैल गया।

सुबह होते ही स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने आशंका जताई कि गुलदार किसी भी समय आबादी वाले इलाके में हमला कर सकते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर खास चिंता जताई जा रही है।

घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदारों की बढ़ती गतिविधियों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले ही हालात पर काबू पाया जा सके। फिलहाल, भीमताल के दुगशील क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान, अमित शाह और सीएम धामी ने किया सम्मानित
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.