ब्रेकिंग न्यूज़

कोटाबाग की सड़कें पहुंची पुरातन काल में, सड़कों में डामर कम मिट्टी और गड्ढे ज्यादा। 

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कोटाबाग (नैनीताल)। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग में सड़कों की जर्जर हालत स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। कालाढूंगी से कोटाबाग बाजार तक करीब 18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ा हुआ डामर लोगों को पुरानी और उपेक्षित सड़कों की याद दिला रहे हैं। स्थिति यह है कि हर कुछ मिनट की दूरी पर सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई देते हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

तालिया क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल पंत ने बताया कि कोटाबाग में मुख्य मार्गों से लेकर लिंक सड़कों तक अधिकांश सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई राहगीर घायल भी हो चुके हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से जल्द सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की।

वहीं रियाड़ के ग्राम प्रधान महेश कांडपाल ने कहा कि क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मानसून नजदीक है और बारिश शुरू होने के बाद लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी। उन्होंने सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ कोटाबाग क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में भी बरसात से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़कों का सुधार नहीं किया गया तो बरसात के दौरान आवागमन और अधिक कठिन हो जाएगा तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। जनता ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र को राहत देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय खेल दिवस पर डीएसबी परिसर में मेजर ध्यानचंद को किया गया याद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.