नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) की ओर से कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलसचिव प्रो. रितेश साह का सम्मान किया गया। कूटा पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने कुलसचिव को शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कूटा पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रो. रितेश साह के कुलसचिव पद का दायित्व संभालने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभिन्न लंबित कार्यों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण हो सकेगा। शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने में नए कुलसचिव की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
कूटा की ओर से प्रो. रितेश साह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ कुमाऊं विश्वविद्यालय को मिलेगा।
सम्मान कार्यक्रम में प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. गगन होती, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल जोशी, मनोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, कुमाऊं विश्वविद्यालय के एलुमनी सेल की ओर से भी नवनियुक्त कुलसचिव प्रो. रितेश साह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, डॉ. ज्योति कांडपाल और डॉ. मीना पांडे ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वविद्यालय हित में बेहतर कार्य की उम्मीद जताई।





































