18 की उम्र पार करते हुए नौजवान बेहतर कॅरिअर बनाने का सपना बुनने लगते हैं। औद्योगिक शहर रुद्रपुर में 18 से 22 उम्र के कई नौजवानों ने किताब, कलम और कॅरिअर छोड़ कट्टों से दोस्ती की है।

महज 10 दिन में 11 नई उम्र के लोग तमंचों के साथ गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

ऊधमसिंह नगर जिले में असलहे रखने का शौक अब नई उम्र के लड़कों में पहुंच गया है। खास तौर पर बस्तियों में रहने वाले लड़कों में तमंचा रखना स्टेटस सिंबल बन गया है। 18 से 22 साल के इन लड़कों के पास आसानी से तमंचे पहुंच जा रहे हैं।

यही वजह है कि मामूली झगड़ों में फायरिंग होना आम बात हो गई है। कोई जन्मदिन की पार्टी में तमंचे के साथ थिरकते हुए रील बना रहा है तो कोई बदमाशी में नाम आगे करने के लिए हवाई फायरिंग कर रहा है।

हाल में ही रंपुरा में दो लड़कों के गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। पहले एक गुट के लड़कों ने दूसरे गुट के मोहल्ले में तमंचों से फायरिंग कर दहशत मचाई और फिर दूसरे गुट ने इसी तरह फायरिंग की। दोनों घटनाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों की गिरफ्तारी की तो उसमें आरोपी 19 से 23 साल की उम्र के निकले। चारों आरोपी पढ़ाई छोड़ चुके हैं और आवारागर्दी करते हैं।

चाकू और बाइक चोरी में भी नई उम्र के लड़के
केवल तमंचे ही नहीं बल्कि दूसरे अपराधों में भी नई उम्र के लड़के लिप्त हो रहे हैं। पांच अगस्त को रुद्रपुर में पुलिस ने मोबाइल लूट में तीन आरोपी गिरफ्तार किए। इनमें आशीष और विनीत 18 साल जबकि जतिन 21 साल का था।

तीन अगस्त को पुलिस ने रविंद्रनगर से 24 साल के सौरभ प्रजापति और 22 अगस्त को लोनिवि रोड से 19 साल के रवि कोली को चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। 29 जुलाई को पुलिस ने मोदी मैदान से 21 साल के राजू माली, 18 साल के रवि और एक नाबालिग को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। 27 अगस्त को पुलिस ने मॉडल कालोनी में चेकिंग के दौरान 20 साल के मोहित और 23 साल के हरिकेश को चोरी की दो बाइकों के साथ पकड़ा था।

काशीपुर की सनसनीखेज घटना ने सबको चौंकाया
बच्चों के हाथों में आसानी से पहुंच रहे असलहे घातक साबित हो रहे हैं। एक पखवाड़े पहले काशीपुर में घर में रखे पिता के तमंचे से बेटे ने स्कूल में शिक्षक को गोली मार दी थी। नवीं का छात्र तमंचा लंच बाक्स में छिपाकर लाया था। इस घटना ने लोगों को चौंकाकर रख दिया था। ब्यूरो

वेब सीरीज, सोशल मीडिया और यू ट्यूब में कई कंटेंट देखकर नई उम्र के लड़कों में असलहों के प्रति दिलचस्पी हो रही है। जिले से सटा होने की वजह से रामपुर, पीलीभीत, बरेली से चोरी छिपे तमंचे यहां पहुंच रहे हैं और कम दामों में तस्कर नई उम्र के लड़कों तक पहुंचा रहे हैं।

एक जनवरी से अब तक 110 से अधिक लोगों को तमंचों और पोनिया के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। कुछ असलहा तस्कर भी पकड़े गए हैं और कुछ चिन्ह्ति किए गए हैं। असलहा रखने और बेचने वालों की गिरफ्तारी की जा रही है।– मणिकांत मिश्रा, एसएसपी

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, कालाढूंगी में कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.