ब्रेकिंग न्यूज़

सरोवर नगरी नैनीताल में विश्वकर्मा पूजा धूमधाम के साथ मनाई गई

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, जल संस्थान के पंप हाउस, विद्युत विभाग, अस्पतालों और पुलिस लाइन सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मशीनों, पंपों, औजारों और तकनीकी उपकरणों को साफ कर विधि-विधान से पूजा की गई तथा संस्थानों की सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की गई।

कई संस्थानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा के साथ हवन-यज्ञ और भंडारे का भी आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, क्षेत्र में निर्माण कार्यों, तकनीकी कार्यों और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े मजदूरों एवं कारीगरों ने भी अपने औजारों की पूजा कर भगवान विश्वकर्मा से कार्य में उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना की।

निर्माण और सृजन के देवता माने जाते हैं भगवान विश्वकर्मा

पुरोहित दयाल कांडपाल ने भगवान विश्वकर्मा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और सृजन का देवता माना जाता है। मान्यता है कि प्राचीन काल में देवी-देवताओं के अस्त्र-शस्त्र, भवनों और महलों के निर्माण में भगवान विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इसी कारण उन्हें शिल्पकारों, इंजीनियरों, वास्तुकारों, कारीगरों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों का आराध्य देव माना जाता है।

जल संस्थान में पंपों और उपकरणों की पूजा

नैनीताल जल संस्थान में भी विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पंपों, मशीनों और विभिन्न उपकरणों की विशेष पूजा-अर्चना की गई। कर्मचारियों ने अपने कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों को साफ कर विधि-विधान से पूजन किया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन तथा सभी कर्मचारियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

पहाड़ों में खतरुवा पर्व की भी रही परंपरा

भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में खतरुवा पर्व मनाने की भी परंपरा रही है। इस अवसर पर पशुधन, विशेषकर गाय की पूजा-अर्चना की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पशुधन के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी देखभाल और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुरोहित दयाल कांडपाल, सहायक अभियंता चेतन कुमार, सहायक अभियंता गजेंद्र सिंह मनोला, कमल बिष्ट, शंकर लाल, किशन सिंह रौतेला, आनंद प्रकाश शर्मा, गोपाल सिंह, सोनू बिष्ट, दिनेश लाल, नरेश कुमार, सुधीर कुमार, उमेश कुमार, प्रदीप कुमार, विपिन कोहली, जितेंद्र कुमार, टीका सिंह, सुरेश सिंह, मनोज कुमार, प्रमोद राजपूत, दयाल सिंह गोसाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से शोक की लहर, पत्रकारिता जगत में गहरा शोक, सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजुनाथ टी.सी. ने परिजनों को बंधाया ढांढस

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.