रामनगर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.553 किलो गांजा बरामद
दो महिलाओं समेत पांच तस्कर गिरफ्तार, गांजे की पुड़िया बनाकर बिक्री की थी तैयारी; इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पन्नियां भी बरामद
रामनगर/नैनीताल। जनपद नैनीताल में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में रामनगर पुलिस ने गुल्लरघट्टी क्षेत्र में छापेमारी कर 7.553 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत पांच कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामनगर पुलिस टीम ने 14 सितंबर 2026 को गुल्लरघट्टी नई बस्ती क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई स्थानों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, कामेश त्यागी के कमरे की तलाशी में 800 ग्राम गांजा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और गांजे की पुड़िया तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां मिलीं। पुलिस ने उसे कथित तौर पर गांजे की पुड़िया बनाते हुए मौके से गिरफ्तार किया।
इसी तरह विजय सागर के कमरे से 465 ग्राम गांजा बरामद किया गया। भरत उर्फ बब्लू के घर की तलाशी में 975 ग्राम गांजा और पन्नियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, अजीम के घर पर दबिश के दौरान उसकी पत्नी नाजिया गांजे की पुड़िया बनाते हुए मिली। उसके कब्जे से 3.798 किलोग्राम अवैध गांजा और पन्नियां बरामद की गईं। वहीं नगमा के कब्जे से 1.405 किलोग्राम गांजा तथा पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली पन्नियां बरामद हुईं।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 03 पुरुष और 02 महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी बरामदगी को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 289/26, 290/26 और 291/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमे दर्ज किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
कामेश त्यागी, पुत्र नन्हे सिंह, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल, उम्र 29 वर्ष।

भरत उर्फ बब्लू, पुत्र भगवान दास, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल, उम्र 52 वर्ष।
विजय सागर, पुत्र भगवान दास, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल, उम्र 46 वर्ष।
नाजिया, पत्नी अजीम, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल, उम्र 23 वर्ष।
नगमा, पत्नी मोहसीन, निवासी गुलरघट्टी नई बस्ती, थाना रामनगर, नैनीताल, उम्र 28 वर्ष।
एक आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कामेश त्यागी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो अभियोग दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इसकी बिक्री से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






