ब्रेकिंग न्यूज़

उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में शनिवार शाम से रविवार तक भारी बारिश हुई। इसके चलते तमाम रास्ते मलबा आने से बंद हो गए। कई नदियां भी उफान पर आ गईं। इस बीच, उत्तरकाशी में शनिवार रात अतिवृष्टि से यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास भूस्खलन हो गया।

यहां काम कर रहे 29 मजदूर, उसके मलबे की चपेट में आ गए। इनमें से दो की मौत हो गई जबकि सात लापता हैं। इधर, खराब मौसम के चलते उत्तराखंड सरकार ने रविवार सुबह चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकने का निर्णय लिया। चारधाम यात्रियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से कई जगह रोका गया है।

उत्तरकाशी की एडीएम मुक्ता मिश्र ने रविवार को बताया कि सिलाई बैंड पर एक निजी निर्माण कार्य हो रहा था। इसमें लगे मजदूरों के अस्थाई आवास बीती रात हुए भूस्खलन में ध्वस्त हो गए। इस दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि सात लापता हैं। बचाए गए मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। लापता श्रमिकों की तलाश में अभियान जारी है।

चारधाम यात्रा मार्ग प्रभावित

प्रदेश में तेज बारिश के कारण 150 से ज्यादा सड़कों पर यातायात बाधित रहा। चमोली जिले में सर्वाधिक 55 सड़कें अवरुद्ध हैं। लोक निर्माण विभाग की टीमें रास्ते खोलने में जुटी हैं।

चारधाम रूट की सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ ही दूसरे राज्यों से आ रहे पर्यटकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इसके अलावा भी कई जगह रास्ते पर मलबा आया हुआ है। बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़, कमेड़ा और उमटा में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई। केदारनाथ हाईवे पर मुनकिटया के साथ कई अन्य जगह आवाजाही ठप रही।

आदि कैलास मार्ग पर चट्टान दरकी

कुमाऊं मंडल में रविवार दोपहर धारचूला के तवाघाट में आदि कैलास मार्ग पर चट्टान दकर गई। इससे आदि कैलास के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालु व स्थानीय लोग फंस गए। मलबा आने से पिथौरागढ़ में थल, मुनस्यारी सहित करीब 13 सड़कें और बागेश्वर में 24 सड़क बंद हैं। हल्द्वानी में शेरनाला उफान पर आने से हल्द्वानी-सितारगंज हाईवे साढ़े छह घंटे ठप रहा। गौला नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुल के नीचे कटाव रोकने को बनाए ब्लॉक धंस गए।

दून-मसूरी मार्ग धंसा, कारगी में दो मकान गिरे

लगातार बारिश के चलते रविवार सुबह दून-मसूरी मार्ग मालसी जू पुलिया के पास धंसने से बंद हो गया। पुलिस ने मौके पर बैरियर लगाकर आधा मार्ग बंद करवा दिया है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। वहीं, तेज बारिश के बाद कारगीग्रांट क्षेत्र में नाले के किनारे बने दो मकान गिर गए।

भूस्खलन से चारधाम रूट पर 150 सड़कें बंद

उत्तराखंड में शुक्रवार रात से हो रही बारिश से एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भूस्खलन हो गया है। मलबा आने से 150 से अधिक सड़कें बंद हैं। इससे जनजीवन प्रभावित है। लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत पेश है हिन्दुस्तान की रिपोर्ट।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : राखी की डिलीवरी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने प्राइवेट कूरियर कंपनियों की चेकिंग के दिए निर्देश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.