ऑपरेशन ट्रैक-7 में नैनीताल पुलिस का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में रही अव्वल

दो दिवसीय स्पेशल एक्शन ड्राइव में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद

नैनीताल। प्रदेशभर में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल किया है। डॉ. मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की।

ऑपरेशन ट्रैक-7 के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 34.308 किलोग्राम गांजा, 103 ग्राम चरस और 48.14 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा नशे के अवैध इस्तेमाल और कारोबार से जुड़े मामलों में 04 एविल इंजेक्शन, 04 ब्यूप्रेन इंजेक्शन तथा 22 ब्यूप्रेन टैबलेट भी बरामद की गईं।

वहीं, मादक पदार्थों से संबंधित अभियोगों में गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से कुल 3 लाख 54 हजार 200 रुपये की धनराशि भी बरामद की गई।

संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ 218 चालानी कार्रवाई

अभियान के दौरान पुलिस ने जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए कुल 218 चालानी कार्रवाई की। इन कार्रवाइयों के माध्यम से 54 हजार 500 रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूल किया गया।

पुलिस की इस दो दिवसीय विशेष कार्रवाई में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों को रोकने और कानून व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेशव्यापी अभियान में नैनीताल पुलिस का अव्वल प्रदर्शन जनपद पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है। अभियान के दौरान हुई कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

प्रमुख कार्रवाई एक नजर में

गांजा बरामदगी – 34.308 किलोग्राम

चरस बरामदगी – 103 ग्राम

स्मैक बरामदगी – 48.14 ग्राम

एविल इंजेक्शन – 04

ब्यूप्रेन इंजेक्शन – 04

ब्यूप्रेन टैबलेट – 22

बरामद नकदी – ₹3,54,200

चालानी कार्रवाई – 218

संयोजन शुल्क – ₹54,500

जिला बदर – 01 अभियुक्त

धारा 172(2) BNSS में निरुद्ध – 05 अभियुक्त

यह भी पढ़ें :  भीषण सड़क हादसा : दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.