ब्रेकिंग न्यूज़

RAW, CBI, NIA, CRPF और सेना का अधिकारी बनकर देता था झांसा, फर्जी आईडी, वर्दी और सरकारी प्रतीक चिह्न बरामद
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन (35) को देहरादून पुलिस ने फर्जी IPS अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कभी IPS, कभी RAW, CBI, CRPF, NIA और यहां तक कि भारतीय सेना का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों का भरोसा जीतता था। वह नौकरी, सरकारी काम, स्टार्टअप फंडिंग और टेंडर दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठता था।
राजपुर थाना पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम की कार्रवाई में आरोपी को मसूरी रोड स्थित CSI तिराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अलग-अलग फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता राज्य के वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी रहे हैं। उसने कई वर्षों तक UPSC की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने का रास्ता अपना लिया। इसके लिए उसने फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड, वर्दियां और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतीक चिह्न तैयार कराए।
पुलिस के अनुसार राजपुर थाने में दर्ज दो मामलों में आरोपी पर कुल 19.60 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। उसने एक MBBS छात्र से कंपनी रजिस्ट्रेशन और स्टार्टअप फंडिंग के नाम पर 15 लाख रुपये लिए, जबकि एक महिला वैज्ञानिक से रक्षा मंत्रालय में डेटा साइंस कंसल्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.60 लाख रुपये ठग लिए।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 फर्जी पहचान पत्र, 8 फर्जी विजिटिंग कार्ड, पुलिस और सेना के 25 लोगो/बैज, सेना एवं पैरामिलिट्री की 3 जोड़ी वर्दियां, 3 फर्जी रैंक रिबन, एक वायरलेस सेट और एक लैपटॉप बरामद किया है।
एसपी सिटी के अनुसार आरोपी वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड और प्रभावशाली व्यक्तित्व का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर सरकारी नौकरी, परियोजनाओं, टेंडर व अन्य सुविधाएं दिलाने के नाम पर उनसे पैसे वसूलता था।
पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या इस ठगी के नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

यह भी पढ़ें :  नेपाल में ग्लेशियर फ्लैश फ्लड से भीषण तबाही: मौतों का आंकड़ा 552 पार, 1500 से अधिक लापता; 320 भारतीयों का अब तक नहीं चला पता, 400 चीन में सुरक्षित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.