हल्द्वानी। काठगोदाम डिपो में तैनात रोडवेज चालक अजय सिंह कुंजवाल की रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे चालक को घर से कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि वह करीब 30 मीटर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गौलापार के पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल, पुत्र मोती सिंह कुंजवाल, काठगोदाम डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान चोरगलिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अजय को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए कैंटर को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को सीज कर दिया गया है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अजय सिंह कुंजवाल अपने पीछे दो बेटियों और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ इसलिए भी टूट पड़ा है क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व उनके बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई तथा यातायात नियमों के प्रभावी पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


