मायके आई थी वैशाली खड़ायत, पति के निधन की सूचना के कुछ घंटों बाद संदिग्ध हालात में मिली मृत
पिथौरागढ़। मध्य प्रदेश के रीवा में रहने वाली 35 वर्षीय वैशाली खड़ायत का शव रविवार दोपहर नैनी-सैनी क्षेत्र में क्रिकेट एकेडमी के पास एक नाले से बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार भुरमुणी निवासी वैशाली खड़ायत कुछ दिन के लिए अपने पिता के घर कुमौड़ आई हुई थी। उसका ससुराल मध्य प्रदेश के रीवा में है। वैशाली और उसके पति प्रदीप सोनी (36) का पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था और दोनों की यह दूसरी शादी थी। वैशाली शनिवार शाम ही रीवा से पिथौरागढ़ पहुंची थी।
रविवार सुबह रीवा से फोन पर सूचना मिली कि उसके पति प्रदीप सोनी की मृत्यु हो गई है। पति के निधन की खबर सुनकर वैशाली गहरे सदमे में चली गई और बेहोश हो गई थी।
इसी बीच रविवार अपराह्न करीब ढाई बजे जाजरदेवल थाना पुलिस को सूचना मिली कि नैनी-सैनी स्थित क्रिकेट एकेडमी के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस नाले में शव मिला, वहां पानी घुटनों तक ही था। महिला का पर्स और मोबाइल फोन भी नाले के किनारे सुरक्षित रखा हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है।


