एसआईआर की शुरुआत बीएलओ द्वारा मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारंभ
राज्यपाल से लेकर आम मतदाताओं तक पहुंचाए जा रहे फॉर्म, 7 जुलाई तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान
नैनीताल। निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सोमवार से जिलेभर में मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू हो गया। अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाता विवरणों का सत्यापन व अद्यतन करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय और उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाजिश खालिक उपस्थित रहे। इसी क्रम में बीएलओ पूजा ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें भी गणना फॉर्म सौंपा और अभियान की जानकारी दी।
जिले में एसआईआर अभियान की शुरुआत के अवसर पर बीएलओ ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बीएलओ द्वारा दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें तथा फॉर्म भरते समय सही विवरण उपलब्ध कराएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में सभी मतदाताओं के फॉर्म एकत्र कर बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा का लाभ ले सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेंगे। यदि किसी घर में मतदाता नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार वहां पहुंचेंगे और अगली विजिट की जानकारी स्टीकर के माध्यम से छोड़ेंगे।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फॉर्म के साथ उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
सोमवार को जिलेभर के सभी बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया।


