ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिलेभर में चला सघन अभियान, कई होम स्टे होटल की तर्ज पर संचालित पाए गए

नैनीताल। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर रविवार को जिलेभर में होम स्टे के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीमों ने विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों और तहसीलों में संचालित होम स्टे इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण संचालित और मानकों के विपरीत चल रहे होम स्टे सामने आए।

प्रशासनिक जांच में पाया गया कि कई होम स्टे होटल की तर्ज पर संचालित किए जा रहे थे। अनेक मामलों में वास्तविक मालिक जिले से बाहर रह रहे थे और होम स्टे को किराए पर देकर व्यवसायिक रूप से चलाया जा रहा था, जो शासन की होम स्टे नीति और मानकों के खिलाफ है। योजना का उद्देश्य स्थानीय परिवारों को रोजगार और आजीविका उपलब्ध कराना है, जिसमें संचालक का स्वयं होम स्टे में रहना और घरेलू भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य माना गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार कुल 238 होम स्टे का निरीक्षण किया गया। इनमें 35 होम स्टे बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए, जबकि 123 होम स्टे बंद मिले या मानकों के विपरीत होटल की तरह संचालित होते पाए गए।

तहसीलवार जांच में रामनगर क्षेत्र में 31 होम स्टे की जांच के दौरान 4 अवैध और 18 मानकों के विपरीत पाए गए। कालाढूंगी में 20 निरीक्षणों में 4 अवैध और 9 किराए पर संचालित मिले। लालकुआं क्षेत्र में 3 होम स्टे में से 1 मानकों के विपरीत पाया गया, जबकि हल्द्वानी क्षेत्र में 5 निरीक्षणों में 2 अवैध होम स्टे संचालित मिले।

सबसे अधिक कार्रवाई नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में हुई। नैनीताल क्षेत्र में 91 होम स्टे की जांच में 8 अवैध और 39 मानकों के विपरीत मिले। कैंची धाम क्षेत्र में 48 निरीक्षणों में 13 अवैध और 34 नियमों के खिलाफ संचालित पाए गए। वहीं धारी क्षेत्र में 40 निरीक्षणों में 4 अवैध और 22 मानकों के विपरीत मिले।

निरीक्षण के दौरान कई होम स्टे बंद मिले, जबकि कुछ स्थानों पर संचालक मौजूद नहीं थे। कई इकाइयों में पार्किंग व्यवस्था, किराया सूची और पर्यटकों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदर्शित नहीं मिली। प्रशासन ने सभी संचालकों को तत्काल पंजीकरण कराने, पर्यटकों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और शासन के तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि बिना पंजीकरण और नियमों के विरुद्ध संचालित होम स्टे के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में शनि देव जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
error: Content is protected !!