ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कैंची मेला 2026, श्रद्धालुओं के लिए चलेगी विशेष शटल सेवा, किराया भी हुआ तय

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा के कैंची धाम आश्रम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस वर्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग और परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई है।

आरटीओ प्रवर्तन हल्द्वानी अरविंद पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए 14 और 15 जून को विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।

हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल, भवाली और खैरना से कैंची धाम के लिए बसों और टैक्सी-मैक्सी वाहनों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 60 रोडवेज बसें हल्द्वानी, काठगोदाम रोडवेज स्टेशन और रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी। इन बसों का एक तरफ का किराया प्रति यात्री 150 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) की 150 बसें भी विभिन्न मार्गों पर संचालित की जाएंगी। इनमें हल्द्वानी से 50, काठगोदाम से 50, भीमताल से 20, भवाली से 20 तथा खैरना से 4 बसें शामिल हैं। वहीं ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसें भीमताल से कैंची धाम के लिए चलाई जाएंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए भवाली से कैंची धाम तक 150 टैक्सी-मैक्सी तथा भीमताल से 100 टैक्सी-मैक्सी वाहनों का संचालन किया जाएगा। भवाली से कैंची धाम तक टैक्सी शटल सेवा का किराया 50 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है।

निर्धारित किराया इस प्रकार रहेगा:

हल्द्वानी/काठगोदाम से कैंची धाम : ₹150 प्रति यात्री

भीमताल/नैनीताल से कैंची धाम : ₹100 प्रति यात्री

भवाली/खैरना से कैंची धाम : ₹50 प्रति यात्री

आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि सभी बस और टैक्सी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें वाहनों पर रूट और किराया संबंधी स्टिकर अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यदि कोई वाहन संचालक निर्धारित किराये से अधिक वसूली करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान भवाली से कैंची धाम मंदिर तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालु केवल शटल टैक्सी और अधिकृत परिवहन सेवाओं के माध्यम से ही मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

गौरतलब है कि नैनीताल जिले के भवाली स्थित कैंची धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। पिछले कुछ वर्षों में देश की कई नामचीन हस्तियों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए ।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में श्याम भक्तों का उमड़ा सैलाब, भव्य श्याम संकीर्तन महोत्सव में गूंजे बाबा के भजन
error: Content is protected !!