उत्तरकाशी। दयारा बुग्याल ट्रैक पर लापता हुई महिला ट्रेकर का दसवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला की तलाश में रविवार को पुलिस और जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर, ड्रोन और दूरबीन की मदद से व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार नैनीताल निवासी 24 वर्षीय बबीता पांडे, जो एमबीए की छात्रा हैं, 29 मई को अपने दो पुरुष साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रेक पर निकली थीं। ट्रेक के दौरान दयारा बुग्याल से करीब पांच किलोमीटर पहले गोई नामक स्थान पर कैंप के पास से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं।
महिला के लापता होने के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। रविवार को खोज अभियान को और तेज करते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से दयारा बुग्याल के घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और गहरी ढलानों वाले क्षेत्रों की हवाई निगरानी की गई। साथ ही ड्रोन और दूरबीन की सहायता से भी संभावित स्थानों की तलाश की गई।
उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि महिला की तलाश के लिए सभी संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
महिला के अचानक लापता होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र में चिंता का विषय बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान आगे भी जारी रहेगा।


