ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में बिना मानकों के चल रहे थे मोटर ट्रेनिंग स्कूल: डीएम के छापे के बाद 3 की मान्यता सस्पेंड, जांच के लिए कमेटी गठित

छापेमारी में पार्किंग, क्लासरूम और जरूरी उपकरणों की मिली भारी कमी, डीएम के निर्देश पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे मोटर ट्रेनिंग स्कूलों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर की गई छापेमारी में हल्द्वानी के तीन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद उनकी मान्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है।

हाल ही में एडीएम के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के विभिन्न मोटर ट्रेनिंग स्कूलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन स्कूल ऐसे पाए गए जहां न तो वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था थी, न ही शिक्षार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए क्लासरूम उपलब्ध थे। इसके अलावा ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए आवश्यक बुनियादी उपकरण भी मौजूद नहीं मिले।

जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों संस्थानों की मान्यता सस्पेंड कर दी। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए परिवहन विभाग की एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

डीएम ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में यदि कोई भी ड्राइविंग स्कूल निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित होता पाया गया तो उसके खिलाफ और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ (एनफोर्समेंट) हल्द्वानी अरविंद पांडे ने कहा कि सड़क सुरक्षा आम जनता के जीवन से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। ऐसे में बिना मानकों को पूरा किए किसी भी मोटर ट्रेनिंग स्कूल को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन तीन स्कूलों की मान्यता निलंबित की गई है, वे सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशासन और परिवहन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य मोटर ट्रेनिंग स्कूल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे संस्थानों पर निगरानी और सख्त की जा सकती है।

यह भी पढ़ें :  सीएम धामी ने 276 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- योग्यता और मेरिट से मिल रही सरकारी नौकरियां

You missed

error: Content is protected !!