ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सिलेंडर लीक होने से फैली दहशत, एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा; प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए

ऊधम सिंह नगर। गदरपुर के ग्राम मजरा शीला स्थित भोला एंड कोल्ड स्टोरेज में बुधवार शाम अमोनिया गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। बर्फ निर्माण के दौरान फैक्ट्री में लगे गैस सिलेंडर में अचानक रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों ने गैस रिसाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

घटना के दौरान फैक्ट्री में कार्यरत मुरादाबाद निवासी 65 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, पुलिस टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की 15वीं बटालियन को बुलाया गया। एनडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू किए।

प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री को तत्काल सील कर दिया है। उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

गैस रिसाव की घटना में महिलाओं और बच्चों समेत 27 लोग प्रभावित हुए हैं। सभी को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के द प्राइड हॉस्पिटल पर केस दर्ज: किडनी स्टोन ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर

You missed

error: Content is protected !!