नैनीताल। डीएसबी परिसर में मंगलवार को एंटी ड्रग रैली और व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रोफेसर दीवान एस रावत ने हरी झंडी दिखाकर की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ जीवन के लिए जहर के समान हैं और युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
रैली डीएसडब्ल्यू कार्यालय से शुरू होकर न्यू आर्ट्स, ओल्ड आर्ट्स और जूलॉजी विभाग होते हुए आर्ट्स ऑडिटोरियम तक पहुंची। इस दौरान “नशा छोड़ो जीवन जोड़ो”, “नशे को ना जिंदगी को हां” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
दूसरे चरण में आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल अजय जोशी और मनोज नयाल को शॉल, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कर्नल जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि नशे से दूर रहने के लिए आत्म-जागरूकता बेहद जरूरी है। वहीं एसओ मनोज नयाल ने कहा कि नशा धीरे-धीरे इंसान के जीवन पर हावी हो जाता है और उसकी जीवन जीने की क्षमता को खत्म कर देता है।
डीएसडब्ल्यू डॉ संजय पंत ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि एंटी ड्रग कार्यक्रम यूजीसी के निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ ललित तिवारी ने किया।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष हजारों लोगों की मौत नशे के कारण होती है और 26 जून को मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

