ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

लोहाघाट में सराफा कारीगरों ने चोरी का सोना व्यापारी को ही बेचा, आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार

लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट के खड़ी बाजार स्थित एक ज्वैलरी दुकान से सोना-चांदी लेकर फरार हुए पश्चिम बंगाल के दो कारीगरों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
खड़ी बाजार निवासी स्वर्ण आभूषण व्यापारी योगेश वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि शाहिद अली मलिक पुत्र असगर मलिक और एसके साहिबुल, दोनों निवासी बाली चतुरी, हावड़ा (पश्चिम बंगाल), पिछले एक वर्ष से लोहाघाट में ज्वैलरी निर्माण का कार्य कर रहे थे। दोनों विभिन्न आभूषण विक्रेताओं से सोना-चांदी लेकर आभूषण तैयार करते थे।
आरोप है कि दोनों कारीगर करीब 35 ग्राम सोना और 700 ग्राम चांदी लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसओजी के साथ संयुक्त जांच शुरू की। थानाध्यक्ष विपुल जोशी ने बताया कि दोनों आरोपितों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने फरार होने से पहले दुकानदारों से लिया गया सोना जालसाजी कर उन्हीं को बेच दिया था। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 317(2) और 318 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 400 ग्राम चांदी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तारी अभियान में एसआई कुंदन सिंह बोहरा, एएसआई धर्मेंद्र प्रसाद, विजय रजवार, कुलदीप, सूरज और ललित शामिल रहे।

यह भी पढ़ें :  इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, तीन बच्चों की मां प्रेमी संग हरियाणा पहुंची; पुलिस भी नहीं मना सकी
error: Content is protected !!