ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, पुलिस अन्य घटनाओं में भी भूमिका खंगाल रही

हल्द्वानी। शहर के नवाबी रोड स्थित महेश नगर क्षेत्र में देर रात घरों में घुसकर महिलाओं के अंतःवस्त्र और कपड़े चुराने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान कुसुमखेड़ा स्थित समीर विहार निवासी निकेत सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह विदेश से पढ़ाई कर लौटने के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहा था और ऐसी हरकतों से उसे राहत महसूस होती थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महेश नगर निवासी एक महिला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार, 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक युवक करीब आठ फीट ऊंची चहारदीवारी फांदकर उनके घर में घुसा और बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़े चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हीरा नगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर और कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी को पंचायत घर रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विदेश में पढ़ाई कर रहा था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान हल्द्वानी लौट आया। उसने दावा किया कि वह लंबे समय से मानसिक और भावनात्मक तनाव से जूझ रहा था तथा किसी परिचित की सलाह पर उसने इस तरह की हरकतें शुरू कर दीं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार सामान्य नहीं लगा। प्रारंभिक स्तर पर अधिकारियों ने आशंका जताई है कि वह क्लेप्टोमेनिया नामक मानसिक विकार से पीड़ित हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिकित्सीय जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का शैक्षणिक रिकॉर्ड क्या है और क्या वह शहर के अन्य इलाकों में हुई इसी तरह की घटनाओं में भी शामिल रहा है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और निजता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले के मनोवैज्ञानिक पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें :  NEET परीक्षा और वीकेंड भीड़ के चलते हल्द्वानी-काठगोदाम में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
error: Content is protected !!