पुलिस लाइन में तैनात एएसआई संजय खाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस महकमे में शोक की लहर
रुद्रपुर। रुद्रपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पुलिस लाइन में तैनात एएसआई संजय खाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार 54 वर्षीय संजय खाती रविवार रात नाइट ड्यूटी पर जाने वाले थे। शाम तक उनकी स्थिति सामान्य थी, लेकिन रात करीब 10 बजे जब वे ड्यूटी के लिए नहीं उठे, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
संजय खाती मूल रूप से पिथौरागढ़ के निवासी थे। अपने पीछे वे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं।
सहकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार पुलिसकर्मी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

