धारी/नैनीताल।
धारी ब्लॉक के च्यूरीगाड़ क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुई एक वृद्ध महिला का शव सोमवार शाम गधेरे (बरसाती नाले) से बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर मुक्तेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को गधेरे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा।
जानकारी के अनुसार, च्यूरीगाड़ निवासी 87 वर्षीय मोहनी देवी, पत्नी भगवान सिंह, बीते पांच दिनों से लापता थीं। परिजनों ने काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर दो दिन पहले मुक्तेश्वर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी।
सोमवार शाम ग्रामीणों ने च्यूरीगाड़ गधेरे में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुक्तेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान मोहनी देवी के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, मोहनी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं। उन्होंने आशंका जताई है कि गधेरे के पास चलते समय उनका पैर फिसल गया होगा, जिससे वह गधेरे में गिर गईं और उनकी मौत हो गई।
मुक्तेश्वर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


