ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भूस्खलन से प्रभावित थापला-जलालगांव पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान का दिया भरोसा

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

जलालगांव/थापला (नैनीताल)। लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित नैनीताल के निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों थापला, जलालगांव और मंगोली का दौरा कर वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने भाजपा नेता के समक्ष बताया कि बरसात की शुरुआत में ही क्षेत्र के संपर्क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन होने से रास्ते टूट चुके हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के इलाज और रोजगार के लिए बेहद जोखिम भरे रास्तों से आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते मरम्मत और सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद हेम आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि बरसात के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े और जहां भी सड़कें या अन्य आधारभूत सुविधाएं प्रभावित हुई हैं, वहां शीघ्र कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण मांग 100 मीटर ग्रामीण लिंक रोड के निर्माण को लेकर विभागीय अधिकारियों से उनकी बातचीत हो चुकी है। इस मांग को जल्द शासन स्तर पर उठाकर आवश्यक बजट स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को स्थायी समाधान मिल सके।

इस दौरान स्थानीय विधायक सरिता आर्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले पांच वर्षों में विधायक ने क्षेत्र का दौरा नहीं किया और न ही विकास कार्यों पर ध्यान दिया। इस पर हेम आर्य ने ग्रामीणों को शांत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और क्षेत्र की सभी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में सीआरपी अनिता, ग्राम्य विकास विभाग की यामिनी, ग्राम प्रधान खुशाल सिंह, श्याम सिंह, मोहन सिंह, गोपाल सिंह, हेमा देवी, दीपा देवी, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  हरिद्वार में सनसनी: शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, शव परिसर में दबाए; साधु वेशधारी तीन संदिग्ध फरार

You missed

error: Content is protected !!