ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

खाली बोतल, चिप्स के पैकेट और टेट्रा पैक जमा करने पर मिलेगा कैशबैक, शहर को स्वच्छ बनाने की नई मुहिम शुरू

हल्द्वानी। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में हल्द्वानी नगर निगम ने एक अभिनव पहल शुरू की है। अब खाली चिप्स के पैकेट, प्लास्टिक की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक की कैन और टेट्रा पैक सिर्फ कचरा नहीं रहेंगे, बल्कि लोगों के लिए कमाई का जरिया भी बनेंगे।

नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ उत्तराखंड अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पहला रीसाइक्लिंग कचरा कलेक्शन स्टॉल स्थापित किया है। इस स्टॉल पर नागरिक अपने घरों से निकलने वाले रीसाइक्लिंग योग्य कचरे को जमा कर सकेंगे। बदले में प्रति आइटम के हिसाब से उन्हें दो रुपये तक का रिफंड दिया जाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह पहल हैदराबाद की एक रीसाइक्लिंग कंपनी के सहयोग से शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक और अन्य रीसाइक्लिंग योग्य कचरे को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैलने से रोकना तथा लोगों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।

नगर निगम का कहना है कि यदि इस योजना को जनता का अच्छा सहयोग मिला तो जल्द ही शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे रीसाइक्लिंग स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। इससे कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित होगा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर में कूड़ा-कचरा कम फैलेगा और स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। लोगों का मानना है कि जब कचरे के बदले आर्थिक लाभ मिलेगा तो अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी करेंगे।

हल्द्वानी नगर निगम की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें :  कोटाबाग की सड़कें बनीं बदहाली की मिसाल, हर कुछ दूरी पर गड्ढों से जूझ रहे लोग
error: Content is protected !!