बरेली रोड राम मंदिर बगीचा क्षेत्र की सनसनीखेज हत्या का SSP नैनीताल की टीम ने किया खुलासा, अवैध रिवॉल्वर व हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद
हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
छोटे भाई की बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान बड़े भाई ने शराब के नशे में आकर अपने ही सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने महज 04 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना बीती रात 03 फरवरी 2026 की है। मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि उसके चाचा संदीप जायसवाल ने घर में विवाद के दौरान उसके छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल व क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर नामजद आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 32 बोर का अवैध रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर था। छोटे भाई की गंभीर बीमारी और इलाज के खर्च को लेकर वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव में शराब पीकर उसने गुस्से में आकर मारपीट कर दी, जिससे छोटे भाई की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।














