ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खैरोला में लंबे समय से प्रतीक्षित सलड़ी-खड़की-खैरोला-नौकुचियाताल बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा खैरोला, खड़की, सलड़ी और नौकुचियाताल क्षेत्र के निवासियों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष भीमताल कमल जोशी, अनिल चनौतिया, पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत पर कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने समस्त क्षेत्रवासियों को इस विकास कार्य की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ें :  नगर पालिका इंटर कॉलेज एशडेल में ऐपण कला प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
error: Content is protected !!