देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों का डेरा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत अन्य पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव का असर आगामी कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
