भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी पर डीएम ललित मोहन रयाल का आदेश, कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी-निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद नैनीताल के लिए 20 जुलाई को जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग ने 20 जुलाई (सोमवार) को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई (सोमवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इस दौरान सभी शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र पूर्णतः बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि किसी स्तर पर आदेश की अवहेलना या लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


