ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रानीखेत। रानीखेत पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते ₹1.67 लाख की नगदी से भरा बैग सकुशल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया गया। बैग बदलने की यह घटना अनजाने में हुई थी, जिसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सघन जांच के आधार पर जल्द सुलझा लिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम टनवानी भैंसोली, पोस्ट मजखाली निवासी चन्दन सिंह मंगलवार को स्टेट बैंक शाखा मजखाली में ₹1,67,000 जमा कराने के लिए रानीखेत आए थे। बैंक जाने से पहले वह बाजार में खरीदारी करने रुके, जहां उनका रुपयों से भरा बैग अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर उन्होंने कोतवाली रानीखेत में इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के निर्देशन में उपनिरीक्षक फिरोज खान और कांस्टेबल कमल गोस्वामी ने बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया।

पुलिस की मेहनत रंग लाई और बैग चौकुनी मौना क्षेत्र निवासी एक महिला के पास से बरामद कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनके पास भी बिल्कुल वैसा ही बैग था और गलती से दोनों बैग आपस में बदल गए थे।

पुलिस ने बैग में मौजूद नगदी और अन्य सामान का सत्यापन कर रुपये गिनवाए तथा पूरा सामान सुरक्षित रूप से चन्दन सिंह को सौंप दिया। खोई हुई धनराशि वापस मिलने पर चन्दन सिंह और उनके परिजनों ने रानीखेत पुलिस की ईमानदार एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें :  भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने कार को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत
error: Content is protected !!