ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के आगमन से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेशभर में जारी प्री-मानसून बारिश के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा बना हुआ है।

लगातार हो रही वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई क्षेत्रों में ठंड लौट आने से लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लंबे समय बाद दिन के समय भी हल्की ठंडक महसूस की गई। पिछले दो महीनों में यह पहला अवसर रहा जब शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा। बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम और पर्वतीय क्षेत्रों में काफी कम दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं मैदानी जिलों में भी आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप जारी, पर्वतीय जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
error: Content is protected !!