ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून/मुंबई। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का मुंबई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुंबई के मानखुर्द थाना पुलिस ने शहर की एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए देहरादून में संचालित इस फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब मुंबई निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि जनवरी-फरवरी के दौरान कुछ लोगों ने उसे एक निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर महिला का विश्वास जीता और विभिन्न प्रक्रिया शुल्क, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य औपचारिकताओं के नाम पर उससे करीब 2.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।

जब काफी समय बीतने के बाद भी महिला को नौकरी नहीं मिली और आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। जांच में सामने आया कि देहरादून में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां से नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को कॉल कर प्रतिष्ठित निजी कंपनियों और एयरलाइंस में रोजगार दिलाने का झूठा लालच दिया जाता था।

इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम ने देहरादून पहुंचकर स्थानीय पुलिस की सहायता से कॉल सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य डिजिटल उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह देशभर के कई बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा कितने लोगों को इसका शिकार बनाया गया है।

यह भी पढ़ें :  कॉर्बेट घूमने आए पर्यटक पहुंचे जेल, रिसोर्ट में मारपीट और महिला पुलिस अधिकारी से अभद्रता का आरोप
error: Content is protected !!