ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भवाली। नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्र के नथुवाखान स्थित गढ़गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के एक किसान ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, गढ़गांव निवासी मोहन सिंह बिष्ट (59) पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह बिष्ट ने बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे अपने घर में अज्ञात कारणों के चलते अपनी बंदूक से गर्दन के पास सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल बच्चे मौजूद थे, जबकि अन्य परिजन घर पर नहीं थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, मोहन सिंह बिष्ट खेती-किसानी का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

भवाली के कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक ने बंदूक गर्दन के पास सटाकर चलाई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें :  जन्मदिन पार्टी के बाद टेंट व्यवसायी की संदिग्ध मौत, कार में मिला शव
error: Content is protected !!