ब्रेकिंग न्यूज़
Close up of male hands in bracelets behind back
खबर शेयर करे -

लालकुआं। नगर में मामूली कहासुनी के बाद हालात अचानक बिगड़ गए और शहर कुछ समय के लिए लड़ाई का अखाड़ा बन गया। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। पहले तहसील कार्यालय के समीप दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भी जमकर मारपीट की घटना सामने आई।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले समझौते की कोशिश हुई थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद दोबारा भड़क गया। शाम के समय हुई दूसरी झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार कराया जा रहा है।

घटना के बाद देर रात तक लालकुआं कोतवाली में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जमा रहे। पुलिस को कई बार भीड़ को कोतवाली परिसर से बाहर खदेड़ना पड़ा, लेकिन लोग बार-बार वापस अंदर पहुंच रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के प्रतिनिधि आपसी बातचीत के जरिए समझौते का प्रयास भी करते रहे।

पुलिस ने मारपीट के आरोप में वार्ड नंबर 4 की महिला सभासद के पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। शहर में अचानक उत्पन्न हुई इस अराजक स्थिति के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का बहुउद्देशीय भवन निरीक्षण, साइबर फ्रॉड रोकथाम और जनसेवाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
error: Content is protected !!