उत्तराखंड के पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर पर्यटन सीजन के बीच हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। मसूरी समेत कई प्रमुख हिल स्टेशनों पर भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। सड़कों पर वाहनों की कतारें लगने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
मसूरी में शहर के प्रवेश मार्गों से लेकर मुख्य बाजार तक घंटों जाम की स्थिति बनी रही। पर्यटकों को कई-कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसना पड़ा, जबकि वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। लंबे वीकेंड, स्कूलों की छुट्टियों और मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से भारी संख्या में लोग उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। इसका असर मसूरी-देहरादून मार्ग समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पुलिस-प्रशासन को यातायात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ट्रैफिक जाम से केवल पर्यटक ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोग भी परेशान हैं। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस और प्रशासन लगातार यातायात सुचारु कराने में जुटे हुए हैं, लेकिन वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि हालात काबू से बाहर होते नजर आ रहे हैं।
मसूरी ही नहीं, नैनीताल, शिमला और अन्य हिल स्टेशनों पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पर और अधिक दबाव पड़ सकता है।
