ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अल्मोड़ा  में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की भारी कमी ने होटल और रेस्टोरेंट कारोबार को संकट में डाल दिया है।

लगातार बिगड़ते हालात के चलते एक रेस्टोरेंट समेत छह ढाबे बंद हो चुके हैं, जबकि आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि 21 मार्च तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो 22 मार्च से 70 से अधिक छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट भी बंद करने पड़ सकते हैं। जिले में करीब 250 होटल और रेस्टोरेंट संचालित होते हैं, जिन पर इस संकट का सीधा असर पड़ रहा है।

गैस की कमी के चलते होटल संचालकों को भोजन तैयार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर उनकी आय पर साफ दिखाई दे रहा है। कारोबारियों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। ग्राहकों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।

इस संकट का असर पर्यटन व्यवसाय पर भी पड़ने लगा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह ने बताया कि 17 मार्च को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गैस आपूर्ति जल्द बहाल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक किसी भी होटल या रेस्टोरेंट को सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया है।

वहीं आम लोगों को भी गैस के लिए खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पांडेखोला में गैस भरवाने के लिए शुक्रवार को बारिश के बीच लंबी कतारें लगी रहीं, जहां महिलाओं और बुजुर्गों को घंटों इंतजार करना पड़ा। चौघानपाटा स्थित एजेंसी कार्यालय के बाहर भी पर्ची कटवाने वालों की भीड़ उमड़ी रही।

यह भी पढ़ें :  फूल देई छम्मा देई के साथ बिखौती पर खिला लोक संस्कृति का रंग, बच्चों ने उत्साह से मनाया पर्व
error: Content is protected !!