ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कलियर क्षेत्र से युवती को हिरासत में लिया, हवाला और अवैध वित्तीय नेटवर्क की जांच तेज

हरिद्वार। कलियर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर गांव की एक युवती को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार युवती का नाम पाकिस्तान से जुड़े कुछ लोगों के साथ करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन में सामने आया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, मामले की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में दर्ज एक प्राथमिकी से हुई थी। कुछ दिन पहले पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया था, जिसके पास से पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के सबूत मिलने का दावा किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने आसफनगर निवासी युवती का नाम लिया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस हरिद्वार पहुंची।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर में छापेमारी कर युवती को हिरासत में लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन जांच एजेंसियां बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।

पुलिस को आशंका है कि मामला हवाला या अवैध माध्यमों से धन हस्तांतरण से जुड़ा हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नेटवर्क की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

करीब दो से ढाई घंटे तक चली पूछताछ और पहचान प्रक्रिया के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस युवती को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मूल मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज होने के कारण आगे की जांच वहीं की जा रही है।

घटना की जानकारी फैलते ही आसफनगर गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि इतने बड़े स्तर के कथित वित्तीय लेन-देन का मामला उनके क्षेत्र से कैसे जुड़ सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा पार से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्क की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील होती है। ऐसे मामलों में हवाला, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य गैरकानूनी आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जाती है। जरूरत पड़ने पर अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में शामिल हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें :  बकरीद पर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट मोड में, ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
error: Content is protected !!