ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है।

इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम देहरादून पहुंच रहे हैं, जबकि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगले सप्ताह 4 जून से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। दोनों दलों की सक्रियता से प्रदेश में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाने लगा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के साथ विधायकों की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा करेंगे। देहरादून में वे भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक मुद्दों और रणनीति पर मंथन होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी संगठन ने उनके दौरे की तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि जौलीग्रांट से देहरादून तक 25 स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।

वहीं कांग्रेस भी चुनावी तैयारियों में पीछे नहीं रहना चाहती। कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार साल बाद उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। 4 जून को वे अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। पहले यह कार्यक्रम नैनीताल में प्रस्तावित था, लेकिन पर्यटन सीजन को देखते हुए अल्मोड़ा को चुना गया। इसके बाद राहुल गांधी पौड़ी में सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

5 जून को वे देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के लगातार दौरों से यह साफ हो गया है कि उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद अब शुरू हो चुका है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के चर्चित ठेकेदार धनंजय पर धोखाधड़ी के आरोप, व्यापारियों ने बैंक अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल
error: Content is protected !!