ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग और पत्रकारों की छवि धूमिल किए जाने के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन उत्तराखंड के जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र बिष्ट और जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में एक व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई, जिस पर आरोप है कि वह स्वयं को पत्रकार बताकर अनुचित गतिविधियों में संलिप्त है।

पत्रकारों ने बताया कि हाल ही में बुद्ध पार्क में एक प्रिंट मीडिया पत्रकार के साथ अभद्रता की घटना भी सामने आई थी।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूब चैनल संचालक व्यक्तिगत लाभ और लोकप्रियता के लिए पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक और असत्य सामग्री प्रसारित कर रहे हैं, जिससे पत्रकारिता की साख पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

पत्रकार यूनियन ने मांग की कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

इस पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अभद्रता और भ्रामक सामग्री फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने आश्वस्त किया कि जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें :  मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, कांग्रेस विधायक और भाजपा के पूर्व विधायक आमने-सामने खबर:
error: Content is protected !!