ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। गुजरात के अहमदाबाद में 1 से 4 जून 2026 तक आयोजित 15वीं राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन ट्राइथले एवं बाईथले प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में हल्द्वानी के गोविंदपुरम, बिठोरिया नंबर-1 निवासी भार्गवी रावत ने ट्राइथले स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा बाईथले स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

भार्गवी रावत वुडलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी की छात्रा हैं। वहीं उनकी माता मोनी रावत, जो राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर, हल्द्वानी में अध्यापिका हैं, ने सीनियर महिला वर्ग की ट्राइथले और बाईथले दोनों प्रतियोगिताओं में एक-एक रजत पदक अपने नाम किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में आयोजित 14वीं राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन प्रतियोगिता में भी मां-बेटी की इस जोड़ी ने पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया था।

प्रतियोगिता में मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 23 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य पदकों सहित कुल 45 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और कोचिंग टीम के अथक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के कोच एवं सचिव  दयाल सिंह फरसवान तथा अध्यक्ष  पंकज भल्ला ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में बड़ा हादसा टला:अनियंत्रित टैंकर ने दो महिलाओं को कुचला, एक की टांग बुरी तरह क्षतिग्रस्त; हायर सेंटर रेफर

You missed

error: Content is protected !!