ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी/काठगोदाम। उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों की प्रमुख राज्यस्तरीय पंजीकृत संस्था नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे उत्तराखंड) ने पत्रकारों के हित में एक ऐतिहासिक और मानवीय निर्णय लिया है। संगठन ने आपात स्थिति में गंभीर रूप से घायल या असाध्य रोग से पीड़ित पत्रकारों को हवाई सेवा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की घोषणा की है।

आपात स्थिति में संगठन उठाएगा पूरा खर्च

एनयूजे उत्तराखंड की प्रदेश स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के किसी भी सदस्य के साथ आकस्मिक दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में, यदि चिकित्सकों द्वारा उसे हायर सेंटर रेफर किया जाता है, तो ऐसे में संगठन अपने खर्चे पर घायल या बीमार पत्रकार को उसके एक सहयोगी के साथ हवाई जहाज या हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाएगा।

उपचार के उपरांत पत्रकार को घर तक पहुंचाने का हवाई खर्च भी संगठन द्वारा वहन किया जाएगा।

बच्चों की शिक्षा और विवाह पर भी सहायता

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन के सदस्यों के पुत्र-पुत्रियों के विवाह अवसर पर 2100 रुपये की शगुन राशि प्रदान की जाएगी।

साथ ही, कक्षा 6 से ऊपर अध्ययनरत उन बच्चों को हर वर्ष सम्मानित किया जाएगा, जो 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करेंगे।

पदाधिकारियों के मानदेय और पत्रिका में बदलाव

बैठक में संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव के संस्थागत खर्चों के लिए वार्षिक मानदेय तय किया।

इसके साथ ही संगठन की मासिक पत्रिका ‘उत्तर पथ’ के कलेवर में बदलाव करने और उसके प्रबंधन एवं संपादन टीम में दया जोशी, गोपालदत्त गुरूरानी और प्रमोद कुमार के नाम सर्वसम्मति से तय किए गए।

संगठन की छवि खराब करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रदेश कार्यकारिणी एवं विभिन्न जिलों से आए विशेष आमंत्रित सदस्यों की उपस्थिति में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के विरुद्ध भ्रामक प्रचार, झूठे आरोप और सोशल मीडिया सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ राज्यभर में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश स्तरीय बैठक में बड़ी संख्या में रहे सदस्य मौजूद

यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी, उपाध्यक्ष दीपक पाठक और महासचिव गोपालदत्त गुरूरानी के संचालन में आयोजित बैठक में संगठन के मार्गदर्शक एवं संरक्षक त्रिलोक चंद्र भट्ट सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में जगदीश उपाध्याय, बाबा आदित्य दास, सुरजीत बत्रा, राजकुमार केसरवानी, प्रमोद कुमार, ईश्वरी दत्त भट्ट, शंकर फुलारा, चंद्रपाल सिंह, शुभम गुप्ता, मुन्ना अंसारी, अफसार अहमद, राकेश सिंह, अरशद अली, भानुप्रताप सिंह बोरा, कंचन सिंह बौरा, संदीप पांडेय, विजय कुमार गुप्ता, वैभव बत्रा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में पांच अपराधी जिला बदर, छह माह तक प्रवेश पर रोक

You missed

error: Content is protected !!