वन पंचायत भूमि पर अवैध सड़क निर्माण पर प्रशासन सख्त, एसडीएम अंशुल भट्ट ने किया मौके का निरीक्षण
धारी (नैनीताल)। भीमताल विधानसभा के अंतर्गत धारी तहसील की ग्राम पंचायत कौल में वन पंचायत की भूमि से अवैध रूप से काटी गई सड़क के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट ने दिनांक 24 जनवरी 2026 की रात्रि में अवैध रूप से काटी गई कच्ची सड़क का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के वन पंचायत की भूमि पर कच्चा मोटर मार्ग बनाया गया है, जो वन संरक्षण अधिनियम एवं अन्य नियमों का उल्लंघन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने वन विभाग एवं ग्राम पंचायत के सरपंच को दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम अंशुल भट्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध खनन या सड़क निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम धारी ने बताया कि क्षेत्र में बिना परमिशन के चल रहे रिसोर्ट व होटल की चेकिंग की जा रही है। बिना परमिशन के चल रहे एक रिसॉर्ट को सील किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन और वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।














