भीमताल। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के अवसर पर अमझड़ साधन सहकारी समिति, पतलोट में कार्यक्रम आयोजित कर सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कमला देवी ने समिति के संचालकों एवं जनप्रतिनिधियों को सहकारिता के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान निर्मल मटियाली ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। किसानों को समिति के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और खेती को नई मजबूती मिले।
कार्यक्रम में सहकारिता के महत्व, किसानों के हित में संचालित योजनाओं तथा समिति की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और सदस्यों ने सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भद्रेठा-पतलोट निर्मल मटियाली, समिति सचिव प्रकाश चंद्र पनेरू, समिति उपाध्यक्ष गोविंद बल्लभ, संचालक रघुवीर सिंह, केशव दत्त भट्ट, देव सिंह सहित समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


