नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री धामी से नैनीताल में मुलाकात कर विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कूटा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि संविदा प्राध्यापकों का वेतन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमानुसार 57,700 रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही 10 से 12 वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों एवं प्राध्यापकों के नियमितीकरण के लिए कट-ऑफ तिथि वर्ष 2026 निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसरों को ग्रेड-15 का लाभ प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर के 7 नंबर क्षेत्र में हुए भूस्खलन के स्थायी समाधान हेतु पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने तथा कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कूटा की ओर से मुख्यमंत्री को पौधों के फ्लायर भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. भुवन आर्य, डॉ. अनिल कपूर, डॉ. दीपक मेलकानी, डॉ. मोहित रौतेला सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


