सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी की अव्यवस्था पर शिवसेना का फूटा गुस्सा, बेस चिकित्सालय को दिया अल्टीमेटम – “लाइन खत्म करो, इलाज दो”
सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय में मरीजों की परेशानी पर भड़के शिवसैनिक, व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर शिवसेना ने कड़ा रुख अपनाते हुए अस्पताल प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। शिवसेना हल्द्वानी एवं जिला नैनीताल इकाई के पदाधिकारियों ने चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
शिवसेना नेताओं का आरोप है कि अस्पताल में पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सकों को दिखाने तक मरीजों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। इमरजेंसी, चर्म रोग, दंत एवं सर्जरी विभागों में भी मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले गरीब मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कुछ कर्मचारियों द्वारा मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।
ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने अस्पताल प्रशासन से अव्यवस्था दूर करने, इमरजेंसी एवं गंभीर मरीजों के लिए अलग व्यवस्था बनाने, दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता देने, जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर त्वरित उपचार सुनिश्चित करने तथा अतिरिक्त स्टाफ एवं संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा कर्मचारियों को मरीजों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश देने की भी मांग उठाई गई।
शिवसेना पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो संगठन जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर कुमाऊं मंडल अध्यक्ष हेमंत भईयू, जिला अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, भीमताल विधानसभा प्रभारी मुकेश सिंह बिष्ट, महानगर कार्यकारी प्रमुख मनोज गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष प्रमोद आर्या, महानगर सचिव पूरन सागर, रवि कश्यप सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


