चंपावत। जिले के लोहाघाट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नई खरीदी गई टाटा पंच कार करीब 300 से 350 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में आग लगने से कार में फंसे दो चचेरे भाइयों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी परिवार हल्द्वानी से नई टाटा पंच खरीदकर घर लौट रहा था। दोपहर करीब 12 बजे पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ा खान और बंतोली के बीच बापरू-मरोड़ा खान के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान कार में सवार 34 वर्षीय नीतू देवी, उनकी आठ वर्षीय पुत्री अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव वाहन से छिटककर बाहर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं कार में सवार बनकोड़ी कनालछीना निवासी 36 वर्षीय बलदेव कुमार और वाहन चला रहे ग्राम अजेड़ा, चर्मा थाना डीडीहाट निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार वाहन के अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के बाद शॉर्ट सर्किट से कार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दोनों बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और लोहाघाट पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठाई है।


